Monument Valley को 2014 में ब्रिटिश इंडी डेवलपर Ustwo Games ने बनाया था। इसने एक छोटी, रहस्यमयी दुनिया में बेहद ख़ूबसूरत और सुकून भरी यात्रा के रूप में पहेली गेम्स के अनुभव को शानदार ढंग से नई परिभाषा दी। अब, Monument Valley 3 के रिलीज़ के बाद भी, यह पूरी सीरीज़ एक बारीकी से गढ़ी गई कलाकृति जैसी महसूस होती है।
गेम के नियम सरल हैं : अपने भटके हुए नायक को “नामुमकिन ज्यामिति” कही जाने वाली विलक्षण आकृतियों से बनी भूल-भुलैया में रास्ता दिखाइए। स्टेज को घुमाकर, उसमें बदलाव करके और फ़र्श व खंभों को हिलाकर आगे बढ़ने का रास्ता बनाइए। लेकिन इस तरह का गेम बनाने में क्या लगता है? स्टूडियो के आर्ट डायरेक्टर और पहले व दूसरे इन्स्टॉलमेंट के लीड आर्टिस्ट David Fernández Huerta याद करते हैं कि यह सब कितनी जल्दी आकार ले गया।
Penrose त्रिकोण का जादू
“यह सुनने में अजीब लगता है क्योंकि, सच कहूँ तो, मेरे करियर में किसी भी दूसरे गेम के साथ ऐसा इतनी जल्दी कभी नहीं हुआ जिसमें मैं शामिल रहा हूँ,” Huerta कहते हैं। लेकिन टीम ने डेवलपमेंट के पहले ही सप्ताह में गेम के शानदार विज़ुअल्स और उसके मूल भाव को अंतिम रूप दे दिया था।
“Penrose त्रिकोण को क्लिक करके उसकी जगह पर बिठाने और उस पर चलने के लिए नया रास्ता बनाने का संतोषजनक एहसास हमें पहले या शायद दूसरे सप्ताह के अंत तक ही मिल गया था। यह किसी चमत्कार जैसा और अविश्वसनीय रूप से क़िस्मत की बात थी। काश हर गेम इतनी जल्दी ख़ुद को ज़ाहिर कर देता।”
सबसे पहले मिलते हैं राजकुमारी और कौआ प्रजा
पहला Monument Valley गेम राजकुमारी Ida की प्रायश्चित की यात्रा पर आधारित है। उसका मिशन ख़ज़ानों को उनकी सही जगह पर लौटाना और पिछली ग़लतियों के लिए क्षमा माँगना है।
गेम की दुनिया में आर्किटेक्चर की बहुत बड़ी भूमिका है। सीरीज़ की शुरुआत में डिज़ाइन सिर्फ़ नामुमकिन ज्यामिति का संग्रह भर नहीं रहा, बल्कि सुंदर घुमावों से बने शानदार गुंबदों को भी सामने लाया गया।
“हमने पाया कि प्याज़ के आकार वाले ये गुंबद गेम की डिज़ाइन भाषा को एकरूप बनाने और उसे अलग विज़ुअल पहचान देने के लिए बेहतरीन थे, हालाँकि शुरुआत में हमने वास्तुशिल्प शैलियों में और ज़्यादा विविधता की योजना बनाई थी। पहले गेम में दुनिया गढ़ने का विचार संगीत वीडियो जैसी काव्यात्मक और अमूर्त कहानी कहने की शैली से प्रेरित था, जहाँ आपको यह तो महसूस होता है कि कोई कहानी है, लेकिन हर चीज़ का पूरी तरह स्पष्ट या आपस में गहराई से जुड़ा होना ज़रूरी नहीं।”

गेम की शुरुआती दुनिया की परिकल्पना दिखाने वाले स्केच में कौआ प्रजा बार-बार Ida का रास्ता रोकते दिखाई देते हैं। डेवलपमेंट टीम ने यह सोचना शुरू किया कि गेम में किरदारों के रूप में कौआ प्रजा की, गेमप्ले और भावनात्मक दोनों स्तरों पर, क्या संभावनाएँ हो सकती हैं और प्लेयर्स उन पर किस तरह का असर डाल सकते हैं।
“हम जानते थे कि [कौआ प्रजा] प्लेयर्स की प्रगति रोकने और पहेलियाँ बनाने के लिए उपयोगी थे, लेकिन हम ऐसे दृश्य बनाना चाहते थे जहाँ वे ज़्यादा सहानुभूतिपूर्ण किरदार बन सकें।
“स्केच में आप देख सकते हैं कि प्लेयर एक प्लैटफ़ॉर्म को ड्रैग करके Crow को बारिश से बचा सकता है और Crow उसकी कैसी प्रतिक्रिया देगा। बारिश से बचने या न बचने पर उसकी भावनाएँ बदल जाती थीं। हम यह जानना चाहते थे कि अगर प्लेयर इन विरोधी जीवों की भावनाओं को प्रभावित कर सके, तो वह क्या करेगा।”
फिर बारी आती है माँ और बच्चे की
Monument Valley 2 की कहानी में Ro नाम की एक माँ और उसकी बेटी मुख्य पात्र हैं। छोटी बेटी पूरी निष्ठा से Ro के नक़्शेक़दम पर चलती है और प्लेयर्स को उन दोनों को भूल-भुलैया से बाहर निकालना होता है। इस सफ़र में ऐसे पल भी आते हैं जब दोनों बिछड़ जाते हैं। लेकिन एक-दूसरे पर उनका गहरा विश्वास आखिर में माँ और बच्चे, दोनों के लिए सार्थक विकास लेकर आता है।
प्लेयर्स महसूस कर सकते हैं कि यहाँ हर स्टेज को पिछले गेम की तुलना में ज़्यादा स्वतंत्रता के साथ डिज़ाइन किया गया है। Huerta माँ और बेटी की ज़्यादा स्पष्ट कहानी और हर स्टेज की अलग दुनिया के बीच संतुलन को इस तरह समझाते हैं :
“दूसरे गेम में हमने अपनी टीम के सदस्यों के निजी अनुभवों से प्रेरणा लेकर ज़्यादा स्पष्ट कहानी बताने का फ़ैसला किया। इससे हमें किरदारों की भावनाओं को ज़्यादा अमूर्त माहौल में एक्स्प्लोर करने का मौक़ा मिला। इसी वजह से Monument Valley 2 की वास्तुशिल्प शैली में बहुत ज़्यादा विविधता दिखाई देती है, ताकि किरदारों की भावनाओं के गहरे विस्तार और उनके भीतर हो रहे बदलावों को दर्शाया जा सके।”

उनके सफ़र के समाप्त होने पर द लॉस्ट फ़ॉरेस्ट को ज़रूर आज़माएँ, जिसे बाद के अपडेट में जोड़ा गया था। यह ख़ूबसूरती से डिज़ाइन की गई पहेली वन संरक्षण के प्रयासों के प्रति बेहतर समझ और जुड़ाव को प्रेरित करने के लिए बनाई गई थी।
आखिरकार एक नई यात्रा आ गई है
हल्के सूर्यास्त के रंगों में डूबी दुनिया में Monument Valley 3 पिछले इन्स्टॉलमेंट के आठ साल बाद लौटता है। भूल-भुलैया में रास्ता दिखाने वाली Noor के पास रहस्यमयी रोशनी से भरी एक छड़ी है और उसका मिशन उस दुनिया को रोशन करना है जो धीरे-धीरे अंधेरे में डूबती जा रही है। उसे एक छोटी नाव में बहादुरी से ऐसे पानी में भी यात्रा करनी होगी जहाँ विशाल मछलियाँ घूमती रहती हैं।
Monument Valley 3 की लीड आर्टिस्ट Lili Ibrahim इस बहुप्रतीक्षित गेम की रचना से जुड़ी दिलचस्प बातें शेयर करती हैं।
“सीरीज़ की हर किश्त के साथ टीम में नए सदस्य जुड़ते हैं। हर व्यक्ति अपना अलग प्रभाव लेकर आता है और तीसरी किश्त के लिए मैं Monument Valley की दुनिया में अपनी विरासत की झलक लाना चाहती थी। आर्ट टीम के साथ मिलकर मैंने गेम में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशियाई वास्तुशिल्प रूपरेखाओं को शामिल करने के तरीक़े खोजे – यह दुनिया का ऐसा हिस्सा था जिसे Monument Valley में पहले कभी नहीं दिखाया गया था।”
Noor की यात्रा पानी की सतह पर खिलते बड़े फूलों और मंदिर जैसी छतों से सजी भूल-भुलैया से होकर आगे बढ़ती है। और इस सफ़र में उसे पिछली दो किश्तों के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा किरदार मिलते हैं। जैसे Noor अपने ब्रह्मांड में रोशनी को ज़िंदा रखती है, वैसे ही Monument Valley की गर्मजोशी भी बनी रहती है, जो हर डेवलपमेंट टीम के बदलते व्यक्तित्वों से आकार लेने वाली कहानियाँ सुनाती है।